
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव नदी में फेंकने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो दिन बाद लौड़िया नदी से शव बरामद किया। मृतक की पहचान पुरानीबस्ती, पातु कॉलोनी निवासी करीब 35 वर्षीय बबलू लोहार के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला
परिजनों के मुताबिक बबलू लोहार मजदूरी के लिए हैदराबाद जा रहा था। गुरुवार को वह ट्रेन पकड़ने के लिए घर से निकला था। आरोप है कि इसी दौरान वुलो पूर्ति और उसके कुछ साथियों ने उसे ट्रेन से उतारकर ले गया और बाद में मारपीट की। किसी तरह जान बचाकर बबलू घर पहुंचा और घटना की जानकारी परिवार को दी।परिजनों का आरोप है कि अगले दिन शुक्रवार को वुलो पूर्ति अपने साथियों के साथ बबलू के घर आया। उसे बहाने से घर से बाहर ले जाया गया। इसके बाद बबलू वापस नहीं लौटा। परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
नदी से मिला शव
दो दिन बाद पुलिस को सूचना मिली कि लौड़िया नदी में एक युवक का शव पड़ा है। चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया। शव काफी क्षत-विक्षत हालत में था, इसलिए पहचान में दिक्कत हुई। बाद में परिजनों ने शव की पहचान बबलू के रूप में की। पहचान होते ही घर में कोहराम मच गया।
बबलू की मां कोला लोहार ने कहा कि मेरा एकलौता बेटा था। वुलो पूर्ति और उसके साथियों ने उसे घर से ले जाकर मार दिया और शव नदी में फेंक दिया। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
पुलिस क्या कर रही
पुलिस ने परिजनों के आरोपों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि बबलू को कौन लोग ले गए, उसके साथ क्या हुआ और मौत का असली कारण क्या है। घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी और दोषियों पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पातु कॉलोनी और आसपास के इलाके में चर्चा है।
Read Also Chaibasa News : मधुसूदन विद्यालय में संस्थापक स्व. श्याम सुंदर महतो को दी गई श्रद्धांजलि

