
रांची /नयी दिल्ली : जेपीएससी- जेएसएससी की परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज का मामला अब राज्य से निकलकर देश की राजधानी दिल्ली तक पहुंच गया है। छात्रों के समर्थन में उतरे भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने गुरुवार को संसद भवन के मकर द्वार पर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही जोरदार प्रदर्शन किया।
झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में झारखंड के कई प्रमुख सांसदों ने भाग लिया। सांसदों ने दोटुक कहा है कि वे छात्रों के साथ हो रहे अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेंगे और उनकी आवाज को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाएंगे।
प्रदर्शन के दौरान बीजेपी नेताओं ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य में पिछले सात सालों से नौकरियों की सरेआम बोली लगाई जा रही है और युवाओं का हक छीना जा रहा है।
20 दिनों से आंदोलन जारी
उन्होंने कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर युवा पिछले 20 दिनों से सड़कों पर हैं। लेकिन उन्हें न्याय देने के अलावा उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।
साहू ने राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा । साहू ने कहा,राहुल गांधी को अगर युवाओं की थोड़ी भी फिक्र है, तो वे दिल्ली से सोशल मीडिया पर बयानबाजी बंद करें। उन्हें रांची आकर छात्रों से मिलना चाहिए और हेमंत सोरेन सरकार से सीबीआई जांच कराने की मांग करनी चाहिए। अगर सरकार बात न माने, तो कांग्रेस को तुरंत समर्थन वापस ले लेना चाहिए।
प्रदर्शन में शामिल रहे ये प्रमुख चेहरे
संसद के बाहर हुए इस विरोध प्रदर्शन में आदित्य साहू के अलावा सांसद निशिकांत दुबे, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, बीडी राम, ढुल्लू महतो और मनीष जायसवाल सहित कई अन्य सांसद मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की।
Read Also: Chaibasa News : तिरंगा यात्रा में दिखे भाजपा नेता, कार्यकर्ता व स्कूल-कॉलेज के छात्र

