
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में गुरुवार शाम भारतीय जनता पार्टी द्वारा विशाल स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति के माहौल में निकली इस यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने पूरे रास्ते देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे शहर राष्ट्रप्रेम के रंग में डूब गया।
पोड़ाहाट स्टेडियम से हुई शुरुआत
यात्रा की शुरुआत पोड़ाहाट स्टेडियम से हुई। यहां से भारी संख्या में भाजपा समर्थक और कार्यकर्ता राष्ट्रीय ध्वज लेकर रवाना हुए। मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष से पूरा माहौल गूंजता रहा। यात्रा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तक पहुंची। यहां पूर्व विधायक गुरूचरण नायक, भाजपा नेता विजय सिंह गागराई, मालती गिलुवा सहित अन्य नेताओं ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान आजादी की लड़ाई में आदिवासी वीरों के योगदान को याद किया गया।
इसके बाद यात्रा शहीद भगत सिंह चौक पहुंची। वहां शहीद-ए-आजम भगत सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। नेताओं ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के बलिदान को याद रखते हुए हमें देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना है।
अंत में तिरंगा यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पवन चौक पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे रास्ते आम लोगों की भीड़ जुटी रही। यात्रा में स्कूल-कॉलेज के बच्चों की सहभागिता सबसे खास रही। बच्चों ने तिरंगा लहराकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा ने इस यात्रा के जरिए स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लोगों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और एकता की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।


