
पूर्वी सिंहभूम (पटमदा) : हादसे और असमय मौत के गम से जूझ रहे छह पीड़ित परिवारों को राहत देने के लिए शुक्रवार को प्रशासन आगे आया। पटमदा अंचल में सर्पदंश और सड़क हादसों में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आर्थिक सहायता राशि सौंपी गई। अंचल कार्यालय की इस पहल से आर्थिक तंगी का सामना कर रहे परिवारों को कुछ हद तक संबल मिलेगा।
किसको कितनी मिली मदद
सर्पदंश से अपनी जान गंवाने वाले तीन लोगों-अमजना बीबी, चिंतामणि और सुबिता सबर के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का चेक दिया गया। लाभुकों में इमांदी मियां, कल्पना मांझी और दुर्योधन सबर हैं। वहीं सड़क दुर्घटना का शिकार हुए कार्तिक महतो, तरणी महतो और सत्यनारायण दत्ता के परिवारों को 1-1 लाख रुपये की सहायता दी गई। इनके लाभुकों में रेणुका महतो, पस्तु महतो और प्रतिमा दत्ता हैं।
सीधे बैंक खाते में भेजी गई रकम
विधायक प्रतिनिधि सुभाष कर्मकार ने अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास की उपस्थिति में परिजनों को प्रतीकात्मक चेक सौंपे।
सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने बताया कि आपदा प्रबंधन योजना के तहत सभी नियम पूरे करते हुए मुआवजा राशि सीधे पीड़ितों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी गई है। यह राशि किसी के जाने का गम तो कम नहीं कर सकती, लेकिन मुश्किल वक्त में परिवार को आर्थिक सहारा जरूर देगी।


