
रांची: जेपीएससी परीक्षा में गड़बड़ी मामले में जेल में बंद पूर्व मुख्य सचिव और जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते ने जमानत के लिए गुहार लगाई है। उनके वकील ने सीआईडी की विशेष अदालत में गुरुवार को जमानत याचिका दाखिल की है।
सीआईडी ने परीक्षा में अनियमितता को लेकर कांड संख्या 16/2026 दर्ज किया है। इसी मामले की जांच के दौरान एजेंसी ने एल खियांग्ते को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से वह न्यायिक हिरासत में हैं। इस केस में अब तक 20 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच में एल खियांग्ते पर परीक्षा से जुड़ी एजेंसियों से कथित तौर पर कमीशन लेने का आरोप लगाया गया है।
हाईकोर्ट पहुंची सीबीआई जांच की मांग
14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा सहित टीडीपीएल द्वारा आयोजित जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा की सीबीआई जांच को लेकर झारखंड उच्च न्यायालय में गुरुवार को जनहित याचिका दाखिल की गई है। मामले में प्रार्थी बसंत प्रसाद ने कहा है कि 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है, पैसा लेकर पद बेचने का आरोप आया है।
इसकी सीआईडी जांच चल रही है। लेकिन मामले में सीआईडी जांच काफी नहीं है क्योंकि इसमें बड़े चेहरे शामिल हैं। इसलिए इसकी सीबीआई जांच कराई जाए। प्रार्थी की ओर से कहा गया है कि झारखंड में टीडीपीएल द्वारा जो भी परीक्षा आयोजित हुई है, उसमें गलत तरीके से अभ्यर्थियों को पास कराया गया है। प्रार्थी ने यह भी आग्रह किया है कि टीडीपीएल द्वारा जेपीएससी और जेएसएससी की जितनी भी परीक्षा ली गई है। सबकी सीबीआई जांच कराई जाए।
Read Also: UP : राम मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष को सौंपी जाएगी तीन नामों की सूची, 2 सितंबर को हो सकता है सीईओ के नाम का ऐलान

