
Jamshedpur : सोनारी थाना क्षेत्र के रहने वाले पुष्प राज के एक्सिस बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने सात अलग-अलग लेन-देन के जरिए 3,99,891.65 रुपये की निकासी कर ली। घटना 27 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। खाते से लगातार रकम कटने के मैसेज मिलने के बाद पीड़ित को साइबर ठगी का पता चला और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
पुष्प राज ने बताया कि मोबाइल चेक करने पर उन्हें खाते से लगातार रुपये डेबिट होने के कई संदेश मिले। इसके बाद उन्होंने बैंक खाते की जांच की तो सात अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए करीब चार लाख रुपये निकाले जाने की जानकारी सामने आई। बिना उनकी अनुमति के इतनी बड़ी रकम निकलने के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
मामले को लेकर पुष्प राज के बयान पर बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। बैंक खाते से हुए सभी संदिग्ध लेन-देन और ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनके पास रकम निकालने वाले संदिग्ध व्यक्ति के मोबाइल नंबर या ओटीपी से जुड़ी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि रकम ट्रांसफर होने के बाद संबंधित व्यक्ति की ओर से सभी चैट का विवरण भेज दिया गया था।
पुलिस अब बैंकिंग ट्रांजेक्शन की जांच के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की रकम किन-किन खातों में पहुंची और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस संबंधित बैंकिंग रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर साइबर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

