Home » Jamshedpur News: जुगसलाई के कन्या उच्च विद्यालय में बनाए जाएंगे 11 कक्षा कक्ष, मीटिंग में हुआ फैसला

Jamshedpur News: जुगसलाई के कन्या उच्च विद्यालय में बनाए जाएंगे 11 कक्षा कक्ष, मीटिंग में हुआ फैसला

जिला समन्वय समिति की बैठक में विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश, लंबित योजनाओं के त्वरित निष्पादन पर जोर

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur News जुगसलाई कन्या उच्च विद्यालय में बनेंगे 11 नए कक्षा-कक्ष
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना निर्माण और जनहित से जुड़े लंबित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में राजकीय पारामेडिकल संस्थान और एमजीएम मेडिकल कॉलेज के भवन एवं छात्रावास निर्माण के लिए चिन्हित भूमि के हस्तांतरण, रिजनल वैक्सीनेशन सेंटर के नए भवन, केजीबीवी डुमरिया में पेयजल व्यवस्था तथा जुगसलाई कन्या उच्च विद्यालय में 11 अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण पर चर्चा की गई। इसके अलावा झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के तहत भुगतान से वंचित लाभुकों के सत्यापन और उनके मामलों के त्वरित निराकरण की समीक्षा भी की गई।

बैठक में विभिन्न प्रखंडों में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने, उत्क्रमित पशु चिकित्सा केंद्र मानगो के संचालन के लिए वैकल्पिक भवन की व्यवस्था करने तथा डिमना चौक में डीवीसी की ईएचटी लाइन की ऊंचाई बढ़ाने के लिए मोनोपोल लगाने जैसे मामलों पर भी चर्चा हुई। आसनबनी में वाटर पाइपलाइन शिफ्टिंग, अवध डेंटल कॉलेज से बरसोल तक सड़क के दोनों ओर स्ट्रीट लाइट लगाने, मुसाबनी डिग्री कॉलेज को आवंटित भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण और पाइपलाइन बिछाने के लिए एनओसी से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में छूटे हुए दिव्यांग बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि सभी दिव्यांग बच्चों का नामांकन पूरा हो चुका है तो जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) इसकी प्रमाणिक जानकारी के साथ प्रमाण पत्र समर्पित करें।

बैठक में बच्चों के बैंक खाते खोलने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले में करीब एक हजार बच्चों के बैंक खाते अभी तक नहीं खुल पाए हैं। उपायुक्त ने एलडीएम के साथ समन्वय कर विशेष अभियान चलाते हुए सभी पात्र बच्चों के बैंक खाते खुलवाने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में खराब पड़े जलमीनारों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर उनकी मरम्मत कराने का निर्देश दिया। साथ ही एमजीएम मेडिकल कॉलेज में आधारभूत संरचना से जुड़े मरम्मत कार्यों में तेजी लाने और लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास और आधारभूत संरचना से संबंधित कार्यों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का आपसी समन्वय से समाधान करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ आमजनों तक जल्द पहुंच सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, निदेशक एनईपी राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला, बीडीओ, सीओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Read Also: Jamshedpur News : JCAPCPL में डिप्लोमा इंजीनियरिंग उम्मीदवारों के लिए एक वर्षीय अप्रेंटिसशिप का अवसर

Related Articles