
Jamshedpur : शिक्षा के क्षेत्र में पूर्वी सिंहभूम जिले ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन परफॉर्मेंस रिव्यू की मासिक रिपोर्ट के अगस्त 2026 के 15वें संस्करण में पूर्वी सिंहभूम को झारखंड के सभी 24 जिलों की रैंकिंग में प्रथम स्थान मिला है।
यह उपलब्धि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए किए जा रहे निरंतर और प्रभावी प्रयासों को दर्शाती है। रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम ने विद्यार्थियों के अधिगम परिणाम विद्यालयों के प्रभावी अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध डेटा रिपोर्टिंग के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है।
उच्च प्राथमिकता वाले संकेतकों और सक्षमकारी संकेतकों में जिले ने संतुलित एवं समग्र उपलब्धि दर्ज की है। इससे जिले में मजबूत शैक्षणिक योजना, विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग और बेहतर प्रशासनिक समन्वय की सफलता भी सामने आई है।
राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करना जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, प्रखंड एवं संकुल स्तर के पदाधिकारियों, विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों और शिक्षा से जुड़े सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।
यह गौरवपूर्ण उपलब्धि पूर्वी सिंहभूम के पूरे शिक्षा परिवार के लिए प्रेरणादायी है। उम्मीद है कि जिले का यह प्रदर्शन आने वाले समय में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर और विद्यालयी व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में नई ऊर्जा प्रदान करेगा।


