
रांची : झारखंड की राजधानी रांची स्थित धुर्वा थाना क्षेत्र से एक खौफनाक खबर सामने आ रही है। झारखंड विधानसभा में कार्यरत एक कर्मचारी के धुर्वा डैम में कूदकर जान देने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कर्मी की पहचान बुलंद अख्तर के रूप में की गई है। वे बुधवार को अपने घर से किसी काम के सिलसिले में निकले थे, लेकिन देर रात तक जब घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की।
डैम के पास मिली गाड़ी व चप्पल
इस दौरान धुर्वा डैम के पास उनकी गाड़ी, चप्पल और बरसाती लावारिस हालत में मिले। स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। किनारे से मिले सामान के आधार पर ही परिजनों ने बुलंद अख्तर की पहचान की है।
सामान जिस स्थिति में पाया गया है, उससे प्रथम दृष्टया यही अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने डैम में कूदकर जान दे दी है। हालांकि, हादसे की असली वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है।
NDRF की टीम चलाएगी सर्च ऑपरेशन
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम को तुरंत सूचित किया है। गोताखोरों की मदद से पानी के भीतर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को तलाशने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किसी मानसिक तनाव में तो नहीं थे। शव बरामद होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


