पटना : बिहार में मौसम में बदलाव के साथ मंगलवार से झमाझम बारिश शुरू है, जो आज भी हो रही है। इस दौरान जिसमें आंधी-तूफान और वज्रपात (ठनका) के साथ कई क्षेत्रों में जनहानि हुई है। मधुबनी जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के अलपुरा गांव में ठनका गिरने से पिता-पुत्री समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया है।
मधुबनी में ठनका से पिता-पुत्री की मौत
मधुबनी जिले के अलपुरा गांव निवासी 62 वर्षीय मो जाकिर और उनकी 18 वर्षीय पुत्री आयशा की मौत ठनका गिरने से हुई। दोनों नहर के पास खेत में जमा गेहूं को ढंकने के लिए तिरपाल लेकर जा रहे थे। जैसे ही वे नहर के पास पहुंचे, तेज आंधी-तूफान और वज्रपात ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ठनका गिरने से दोनों बुरी तरह झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
झंझारपुर में भी वज्रपात से मौत
वहीं झंझारपुर प्रखंड के पिपरौलिया गांव में भी आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से एक महिला की जान चली गई। मृतक महिला की पहचान रमन कुमार महतों की पत्नी दुर्गा देवी (45) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य मोहम्मद रेजाउद्दीन ने मौके पर पहुंचकर परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया।
बेगूसराय में भी वज्रपात से एक की मौत
बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में भी वज्रपात से एक लड़की की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब ये लोग किसी काम से खेत जा रहे थे। मृतक की पहचान राम कुमार सदा की पुत्री अंशु कुमारी के रूप में हुई है। घायल हुए लोगों की पहचान संजू देवी, आंचल कुमारी और मुस्कान कुमारी के रूप में की गई है। उन्हें भगवानपुर पीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
आगामी दिनों में सुरक्षित रहने की अपील
बिहार के जिला आपदा विभाग ने बारिश और वज्रपात की स्थिति को देखते हुए लोगों से घर में रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। विभाग ने यह भी बताया कि मृतक के परिवार को सरकारी सहायता दी जाएगी और सभी घायलों को उचित इलाज दिया जाएगा।

