Jamshedpur : जमशेदपुर के चिलगू स्थित भुइयांडीह इलाके में मंगलवार को गैलेक्सी इन्फोटेक स्पंज आयरन कंपनी के अंदर एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया है। कंपनी के फर्नेस में अचानक हुए जोरदार ब्लास्ट में दो मजदूर झुलस गए हैं। हादसे के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
गौरतलब है कि फर्नेस में विस्फोट के दौरान कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे दो श्रमिकों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा गया है। घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। कंपनी परिसर में राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि तकनीकी खराबी या अत्यधिक दबाव के कारण भट्ठे में विस्फोट हुआ, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कंपनी प्रबंधन से भी घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

