
Jamshedpur : टाटा स्टील लुधियाना ने ऑक्टागोनल बिलेट्स यानी आठ-कोने वाले बिलेट्स के उत्पादन के लिए IS 14650:2023 के तहत भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) का लाइसेंस हासिल किया है। इसके साथ ही टाटा स्टील लुधियाना यह प्रमाणन प्राप्त करने वाली भारत की पहली स्टील उत्पादक कंपनी बन गई है।
यह लाइसेंस टाटा स्टील लुधियाना में ऑक्टागोनल बिलेट्स के उत्पादन के लिए विकसित मजबूत विनिर्माण प्रक्रियाओं और गुणवत्ता प्रणाली की मान्यता है। इन बिलेट्स का उपयोग टाटा टिस्कॉन TMT रीबार के निर्माण में किया जाता है। प्रमाणित ऑक्टागोनल बिलेट्स का उपयोग आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों के निर्माण के अलावा सड़क, पुल, मेट्रो और एयरपोर्ट जैसी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में किया जाता है। इसके साथ ही औद्योगिक और पावर सेक्टर में भी इनका इस्तेमाल होता है।
इस उपलब्धि पर टाटा स्टील में टेक्नोलॉजी, R&D, NMB और ग्राफीन के वाइस प्रेसिडेंट सुबोध पांडे ने कहा कि BIS लाइसेंस लुधियाना में कंपनी द्वारा विकसित क्षमताओं की महत्वपूर्ण पुष्टि है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टेक्नोलॉजी में उत्कृष्टता और अलग तरह के उत्पाद विकसित करने पर टाटा स्टील के निरंतर फोकस को दर्शाती है। कंपनी ऐसे उत्पादों के विकास पर काम कर रही है, जो स्टील निर्माण के अधिक पर्यावरण-अनुकूल इकोसिस्टम में योगदान दे सकें।
टाटा स्टील लुधियाना को मिला यह प्रमाणन कंपनी के उत्पादों की गुणवत्ता, तकनीकी क्षमता और मानकीकृत उत्पादन प्रक्रियाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


