
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर पुलिस ने घर में घुसकर सोना-चांदी और नगदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए कुख्यात चोर दिलावर अली उर्फ लादेन समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी के आभूषण और चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी चोरी की कई घटनाओं में पहले भी संलिप्त रहा है।एसडीपीओ डॉ सैयद मुश्ताक अली ने गुरुवार की रात साढ़े नौ बजे चक्रधरपुर थाना में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए बताया कि चक्रधरपुर के वार्ड संख्या 6, मस्जिद पट्टी रोड निवासी सजीदा बेगम के लिखित आवेदन पर 24 मई 2026 को चक्रधरपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था। मामले में घर में घुसकर सोना, चांदी और नगद रुपये चोरी करने का आरोप लगाया गया था। प्राथमिकी में दंदासाई निवासी दिलावर अली उर्फ लादेन को आरोपी बनाया गया था।
आत्मसमर्पण के बाद खुलने लगी चोरी की कड़ियां
पुलिस के अनुसार दिलावर अली उर्फ लादेन ने 26 अगस्त को सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर के समक्ष आत्मसमर्पण किया। उसके पास से चोरी के चांदी के दो चूड़ी, दो पायल, एक कमर का छल्ला और एक अंगूठी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी दी। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने छापामारी टीम गठित कर चक्रधरपुर, मनोहरपुर और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में विभिन्न ठिकानों पर कार्रवाई की।
चोरी का सोना पश्चिम बंगाल में बेचने की जानकारी
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि दिलावर ने चोरी किया हुआ सोना पुरुलिया जिले के मुमताज अंसारी को बेचने के लिए दिया था। मुमताज अंसारी ने कथित तौर पर वह सोना बलरामपुर के आभूषण कारोबारी विमल चंद्रा को बेच दिया। पुलिस इस कड़ी में आगे की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि दिलावर ने ट्रेन और अन्य स्थानों से चोरी किए गए मोबाइल फोन मनोहरपुर के सुभम दास और विकास घोष को बेचे थे। छापेमारी के दौरान सुभम दास के पास से एक, विकास घोष के पास से दो तथा मुमताज अंसारी के पास से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस के अनुसार मामले में मुख्य आरोपी दिलावर अली उर्फ लादेन के अलावा शुभम दास, विकास घोष, विमल चंद्रा और मुमताज अंसारी को गिरफ्तार किया गया है। इनमें कुछ आरोपियों की भूमिका कथित रुप से चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़ी बताई गई है।
मुख्य आरोपी पर पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दिलावर अली उर्फ लादेन के खिलाफ चक्रधरपुर थाने में चोरी, धोखाधड़ी, मारपीट समेत अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022, 2023 और 2026 के मामले शामिल हैं। पुलिस ने उसे चोरी की कई घटनाओं में संलिप्त आरोपी बताया है। पुलिस अब बरामद सामानों के स्रोत और चोरी की अन्य घटनाओं से उसके संबंधों की जांच कर रही है। साथ ही पश्चिम बंगाल में कथित रुप से बेचे गए सोने की बरामदगी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। प्रेस कांफ्रेंस में इंस्पेक्टर अवधेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गुफरान खान मौजूद थे।
छापेमारी दल में शामिल
सहायक पुलिस अधीक्षक सह एसडीपीओ चक्रधरपुर डॉ सैयद मुस्तफा हाशमी, पु.नि. सह थाना प्रभारी अवधेश कुमार, पु.अ.नि. गुफरान खान, स.अ.नि. अर्जुन कुमार और सशस्त्र बल चक्रधरपुर थाना।
Read Also Chaibasa News : राखी के धागों से सजा समाहरणालय, बहनों के स्नेह से भावुक हुआ प्रशासनिक परिसर

