
Jamshedpur : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र से अगवा किए गए तीन साल के आर्यन महानंद को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे को पश्चिम बंगाल पुलिस की मदद से खड़गपुर स्टेशन के पास से बरामद किया गया। इस मामले में कैरेज कॉलोनी मुस्लिम बस्ती निवासी 42 वर्षीय असलम खान को गिरफ्तार किया गया है।
सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि 4 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे समीर महानंद के बेटे आर्यन का अपहरण किया गया था। कुंती महानंद की शिकायत पर बर्मामाइंस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। सीनियर एसपी के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने बच्चे का पीछा करते हुए पश्चिम बंगाल तक पहुंच बनाई और बंगाल पुलिस की मदद से उसे बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, असलम खान का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। आरोप है कि वह बच्चों को चोरी कर मुंबई ले जाता था और वहां बेच देता था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

