
रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के कार्यालय में शनिवार को सीआईडी की टीम ने फिर से छापा मारा। परीक्षा में हुई गड़बड़ी की जांच के सिलसिले में टीम लगातार दूसरे दिन आयोग के दफ्तर पहुंची। इस दौरान पूरी टीम एक्शन मोड में नजर आई।
सीआईडी की इस विशेष टीम ने आयोग के दफ्तर में कई घंटे बिताए। अधिकारियों ने परीक्षा संचालन से जुड़ी जरूरी फाइलें और अभ्यर्थियों के रिकॉर्ड्स को बारीकी से देखा। कमरे-कमरे जाकर महत्वपूर्ण कागजी सबूत जुटाए। आयोग के अलावा मामले से जुड़े कुछ अन्य ठिकानों पर भी छानबीन किए जाने की खबर है।
बता दें कि जेएसएससी की परीक्षाओं, खासकर सीजीएल परीक्षा में हुई धांधली को लेकर सीआईडी सख्त रवैया अपना रही है. मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। जांच टीम का पूरा ध्यान इस बात पर है कि गड़बड़ी किस स्तर पर हुई। साथ ही इसमें कौन-कौन से बड़े नाम शामिल हैं। सीआईडी की इस तेज कार्रवाई से संबंधित लोगों में हड़कंप मचा है।
विवादों में रही हैं परीक्षाएं
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं, खासकर सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CGL) में अनियमितता का मामला काफी समय से विवादों में रहा है। जनवरी 2024 में आयोजित जेएसएससी-सीजीएल की परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। विवाद बढ़ता देख आयोग को परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी।
परीक्षा में बार-बार गड़बड़ी से नाराज अभ्यर्थियों ने रांची में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया था। छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच और पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया की मांग को लेकर आयोग के दफ्तर का घेराव भी किया था।
राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया और जांच का जिम्मा सीआईडी को सौंपा। जांच में यह बात सामने आई थी कि पेपर लीक के पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा था, जिसके तार झारखंड के अलावा अन्य राज्यों जैसे बिहार और उत्तर प्रदेश से भी जुड़े हुए थे।
सीआईडी इस मामले में अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हाल ही में सीआईडी की टीम आयोग के दफ्तर में यह पड़ताल करने पहुंची है कि परीक्षा संचालन की गोपनीयता में चूक किस स्तर से हुई और क्या इसमें आयोग के अंदरूनी अधिकारियों की कोई संलिप्तता थी।
Read Also: JSSC CGL Scam : JSSC दफ्तर पहुंची सीआईडी, कई फाइलें जब्त, सचिव से पूछताछ

