
हजारीबाग : जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक बेहद दुखद घटना सामने आई। कंचनपुर गांव निवासी धनंजय कुमार देव का शव फंदे से लटकता पाया गया। धनंजय भारतीय सेना में कार्यरत थे और उनकी तैनाती कोलकाता में थी। वह छुट्टियों में अपने घर आए हुए थे। जवान को शुक्रवार को ही वापस अपनी ड्यूटी पर लौटना था।
जाने के लिए उनका ट्रेन का टिकट भी बुक हो चुका था। परिजन उनके जाने की तैयारी कर रहे थे। इस बीच सुबह उनकी मौत की खबर आई। इस अनहोनी से परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम का माहौल छा गया।
गांव वालों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जवान का गांव की ही एक लड़की के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शुरुआती कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी वजह से उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया होगा। हालांकि, अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही कटकमसांडी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। पेलावल थाना प्रभारी बिट्टू रजक ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।

