
जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरीडीह गांव स्थित डोका तालाब से शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। मृतक की पहचान कोरीडीह निवासी जहारुद्दीन अंसारी उर्फ डुलिया (60) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाना ले गई। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
रात में मछली पकड़ने तालाब गए थे
जानकारी के मुताबिक, जहारुद्दीन अंसारी गुरुवार रात गांव के पास स्थित डोका तालाब में मछली पकड़ने के लिए गए थे। शुक्रवार सुबह तालाब में उनका शव पाया गया। जहारुद्दीन मछली के कारोबार से जुड़े हुए थे और उन्हें तैरना भी आता था। ऐसे में तालाब में डूबने से उनकी मौत की बात पर परिजन और ग्रामीण आशंकित हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दो दिनों में दो तालाबों से मिले शव
नारायणपुर थाना क्षेत्र में तालाब से शव मिलने की यह लगातार दूसरी घटना है। इससे एक दिन पहले गुरुवार को भी एक युवक का शव तालाब से बरामद किया गया था। बताया गया कि युवक मछली पकड़ने के लिए तालाब गया था और मंगलवार से लापता था।
लगातार दो दिनों में तालाब से शव मिलने की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Read Also- jharkhand vb-g-ram-ji : धान की रोपनी से कटाई तक 60 दिन नहीं मिलेगा वीबी-जी राम जी का काम

