
Jamshedpur : कदमा थाना क्षेत्र में चोरी और मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। बंद घर में चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कांसा-पीतल के बर्तन, चांदी के सिक्के और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, शास्त्रीनगर में युवक पर चापड़ से हमला करने के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से घटना में इस्तेमाल खून लगा स्टील का चापड़ भी बरामद किया गया है।
बंद घर को बनाया निशाना, CCTV से खुला मामला
कदमा थाना क्षेत्र के न्यू टीसी कॉलोनी रोड नंबर-2 में 3 सितंबर को महुआ सिन्हा बाबु के बंद मकान में चोरी हुई थी। शाम के समय अज्ञात चोर घर में घुसे और कांसा-पीतल के बर्तन, पांच चांदी के सिक्के सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना के बाद कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के उद्भेदन के लिए विशेष छापामारी टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। इसी क्रम में 11 सितंबर को पुलिस ने मो. जफर खान (32) को गिरफ्तार किया।
जर्जर क्वार्टर से चोरी का सामान बरामद
पुलिस के मुताबिक, जफर खान की निशानदेही पर फार्म एरिया रोड नंबर-2 स्थित एक जर्जर खाली क्वार्टर में छिपाकर रखा चोरी का सामान बरामद किया गया। जांच के दौरान आरोपी के पास से साकची थाना क्षेत्र में चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण भी मिलने की बात सामने आई है।
बरामद सामान में कांसा के चार लोटा, दो गिलास, एक गगरा, तीन थाली, पीतल की एक परात, दो बड़ी हांडी, एक जग और दो गमले शामिल हैं।
इसके अलावा करीब 26.17 ग्राम का सोने का हार, 3.67 ग्राम का मांगटीका, 1.50 ग्राम और 0.85 ग्राम के सोने के कान के टॉप तथा 0.31 ग्राम की सोने की नथ बरामद की गई।
चांदी के सामान में करीब 163.355 ग्राम की थाली, 46.40 ग्राम का गिलास, 45.63 ग्राम का कटोरा, 22.70 ग्राम के चार बेर और करीब 6.04 ग्राम की तीन अंगूठियां शामिल हैं। पुलिस ने बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. जफर खान, पिता स्व. वकील खान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह वर्तमान में ठक्कर बाबा स्कूल के पास धातकीडीह हरिजन बस्ती में रहता है। उसका स्थायी पता गरीब नवाज कॉलोनी, पहलवान डेरा के पीछे, जुगसलाई बताया गया है।
शास्त्रीनगर में युवक पर चापड़ से हमला
कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में 10 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे मो. कैफ (24) पर चापड़ से हमला किया गया था। बताया गया कि बाबा फर्नीचर के सामने मुख्य सड़क पर कुछ युवकों ने कैफ को घेरकर हमला किया और इसके बाद मौके से फरार हो गए। हमले में उसके सिर पर चोट लगी थी।
कैफ के लिखित आवेदन पर कदमा थाना में केस दर्ज किया गया। प्राथमिकी में मो. दिलरेज खान और जिशान अंसारी को आरोपी बनाया गया।
SIT ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए मो. दिलरेज खान (20) और जिशान अंसारी (करीब 23) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया खून लगा स्टील का चापड़ भी बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई को कदमा क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।

