
रांची : भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप 2026 के फाइनल में मेजबान चीन को 1-0 से पराजित कर लगातार तीसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने आगामी जूनियर विश्व कप में भी अपनी जगह पक्की कर ली।
भारतीय टीम की इस शानदार उपलब्धि में झारखंड की राजधानी रांची के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, बरियातू की तीन छात्राओं रोशनी आईंद, विनिमा धान और पार्वती टोपनो का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। तीनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से न केवल टीम को मजबूती दी, बल्कि झारखंड का नाम भी रोशन किया।
मिडफील्डर रोशनी आईंद ने पाकिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बेहतरीन खेल दिखाते हुए दो गोल किए। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी। वहीं, मिडफील्डर विनिमा धान ने मलेशिया के विरुद्ध 11-1 की जीत में एक गोल दागा। पाकिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में भी उन्होंने गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
डिफेंडर पार्वती टोपनो ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम की डिफेंस को मजबूती प्रदान की। उन्होंने विपक्षी टीम के कई खतरनाक हमलों को नाकाम करते हुए टीम की रक्षापंक्ति को प्रभावी बनाए रखा। तीनों खिलाड़ी बरियातू स्थित विद्यालय के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर नियमित रूप से अभ्यास करती रही हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनकी सफलता के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। हॉकी कोच करुणा पुरती ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा, अनुशासन, लगातार अभ्यास और समर्पण का नतीजा है।
उन्होंने कहा कि बरियातू के एस्ट्रोटर्फ मैदान से निकलकर एशिया चैंपियन बनने तक का तीनों खिलाड़ियों का सफर विद्यालय की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि रौशनी, विनिमा और पार्वती आने वाले समय में भी भारतीय हॉकी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करती रहेंगी।
Read Also- Koderma Ghati Accident : कोडरमा घाटी में दो ट्रेलरों की जोरदार भिड़ंत, एक चालक की मौत

