
रांची : दिल्ली पुलिस को एक बड़े वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में बड़ी कामयाबी मिली है। राजधानी रांची में पुलिस के सहयोग से एक करोड़ रुपये की ठगी के आरोपी संजू मिश्रा उर्फ टुनटुन को धर दबोचा है। पुलिस की टीम ने उसे शहर के दलादली इलाके से गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से रांची के गांधी नगर का निवासी है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पकड़ा गया आरोपी पर देश के विभिन्न हिस्सों में भोले-भाले लोगों को झांसा देकर करोड़ों रुपये ऐंठने का संगीन आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उसे फिलहाल रातू थाने में रखा गया है। दिल्ली से आई विशेष पुलिस टीम उससे लगातार पूछताछ कर रही है।
जांच एजेंसियां अब आरोपी के बैंक खातों और उसकी काली कमाई के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई हैं। दिल्ली पुलिस उसे स्थानीय अदालत में पेश करके ट्रांजिट रिमांड पर लेने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। कोर्ट से अनुमति मिलते ही पुलिस आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ दिल्ली ले जाएगी।

