Home » Jamshedpur News : बागबेड़ा कॉलोनी में जलापूर्ति की अनियमितता पर डीसी को 15 सूत्री मांग पत्र

Jamshedpur News : बागबेड़ा कॉलोनी में जलापूर्ति की अनियमितता पर डीसी को 15 सूत्री मांग पत्र

1.88 करोड़ की लागत से फिल्टर पंप हाउस बनने के बाद भी 1140 क्वार्टरों में नियमित पानी नहीं मिलने का आरोप

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में निर्धारित समय पर नियमित, पर्याप्त और शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और श्रवण मिश्रा ने स्थानीय लोगों के साथ उपायुक्त राजीव रंजन को 15 सूत्री मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कॉलोनी में जलापूर्ति व्यवस्था की खामियों को दूर करने और संबंधित कार्यों की जांच कराने की मांग की।

सुनील गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2025 में करीब 1.88 करोड़ रुपये की लागत से बिष्टुपुर में नया फिल्टर पंप हाउस बनाए जाने के बावजूद बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के करीब 1140 क्वार्टरों में रहने वाले लोगों को नियमित जलापूर्ति नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि बागबेड़ा की पानी टंकी भी जर्जर स्थिति में है, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

मांग पत्र में नए फिल्टर पंप हाउस के निर्माण से संबंधित स्वीकृति, प्राक्कलन, कार्यादेश, मापी पुस्तिका, भुगतान और निर्माण गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की गई है। इसके अलावा मोटर, फुटबॉल्व, पाइपलाइन और संप की तकनीकी जांच, संवेदक एवं संबंधित पदाधिकारियों की भूमिका की जांच तथा पेयजल के नमूनों की अधिकृत प्रयोगशाला से जांच कराने की मांग रखी गई।

प्रतिनिधिमंडल ने जर्जर पानी टंकी और संप की सफाई एवं मरम्मत, प्रशिक्षित ऑपरेटरों की नियुक्ति, रात्रिकालीन ऑपरेटर की व्यवस्था तथा सुबह और शाम निर्धारित समय पर जलापूर्ति बहाल करने की मांग भी की। साथ ही ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति की नियमित बैठक कराने पर जोर दिया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता शिव कुमार दिनकर को निर्धारित समय पर जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा जर्जर पानी टंकी को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जांच कमेटी गठित कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Comment