Home » किरीबुरु में एसी चोरी करते रंगे हाथ दबोचा गया नाबालिग, तीन साथी चंपत

किरीबुरु में एसी चोरी करते रंगे हाथ दबोचा गया नाबालिग, तीन साथी चंपत

पुलिस प्रशासन ने मुख्य बाजार, हाटिंग, प्रोस्पेक्टिंग, चर्च हाटिंग और मुर्गापाड़ा जैसे संवेदनशील इलाकों में पिकेट व गश्त बढ़ा दी है।

by Rajeshwar Pandey
Kiriburu AC theft
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के किरीबुरु शहर में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को सफलता मिली है। ‘अब्दुल रेफ्रिजरेटर’ स्टोर के बाहर रखा पुराना एयर कंडीशनर (एसी) चुराकर पास के जंगली इलाके में उसे तोड़ रहे एक किशोर को गश्ती दल ने मौके से धर दबोचा। हालांकि, इस वारदात में शामिल उसके तीन अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहे।

जंगल में तांबा निकालते वक्त दबोचा गया

प्राप्त विवरण के मुताबिक, आरोपी दुकान के बाहर से पुराना एसी उठाकर समीपवर्ती जंगल में ले गए थे। वहां वे एसी को क्षतिग्रस्त कर उसके भीतर मौजूद तांबे के कीमती तार व अन्य सामान निकाल रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में मुस्तैद गश्ती पुलिस की नजर उन पर पड़ गई और एक नाबालिग को पकड़ लिया गया। कड़ाई से की गई पूछताछ में पकड़े गए किशोर ने क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों और उसमें शामिल सहयोगियों के संबंध में अहम जानकारियां दी हैं, जिसकी पड़ताल पुलिस कर रही है। हिरासत में लिए गए नाबालिग को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर संबंधित न्यायालय/बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है।

पुराने अपराधियों को थाने बुलाकर दी गई चेतावनी

क्षेत्र में सिलसिलेवार हो रही चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ विनीत किंडो और थाना प्रभारी रोहित कुमार ने इलाके के पुराने दागियों व हिस्ट्रीशीटरों को थाने में तलब किया। अधिकारियों ने उन्हें कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए जरायम की दुनिया से दूर रहने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस से साझा करने का हुक्म दिया।

संदिग्ध इलाकों में चौकसी तेज, अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह

पुलिस प्रशासन ने मुख्य बाजार, हाटिंग, प्रोस्पेक्टिंग, चर्च हाटिंग और मुर्गापाड़ा जैसे संवेदनशील इलाकों में पिकेट व गश्त बढ़ा दी है। इन क्षेत्रों में अपराध में कम उम्र के लड़कों के इस्तेमाल की मिल रही शिकायतों को पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है। पुलिस इस बिंदु की भी गहराई से तफ्तीश कर रही है कि नाबालिगों को इस रास्ते पर ढकेलने के पीछे किन शातिर दिमागों का हाथ है। इसके साथ ही पुलिस ने परिजनों से गुजारिश की है कि वे अपने बच्चों की दिनचर्या पर कड़ी निगाह रखें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय थाने को दें।

Read Also: Chaibasa Murder : पत्नी को गाली देने का विरोध करने पर चाकू से हमला, 18 दिन बाद आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Comment