
रांची : झारखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ा रहे करीब 40 हजार पारा शिक्षकों (सहायक अध्यापकों) के लिए अच्छी खबर है। अगर आप अपने मानदेय में बढ़ोतरी चाहते हैं, तो अब इसके लिए रास्ता साफ हो गया है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने तीसरी आकलन परीक्षा कराने की पूरी तैयारी कर ली है।
25 सितंबर तक भर सकेंगे फॉर्म
जैक द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, इच्छुक और योग्य शिक्षक 25 सितंबर से इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे।
जो भी पारा शिक्षक इस आकलन परीक्षा को सफलतापूर्वक पास कर लेंगे, उनके मासिक मानदेय में 10 प्रतिशत का सीधा इजाफा किया जाएगा। विभाग ने आवेदन प्रक्रिया के लिए पर्याप्त समय दिया है।
15 अक्टूबर के बाद होगी आवेदन पत्रों की जांच
उम्मीदवार 25 सितंबर से लेकर 15 अक्टूबर तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं। 15 अक्टूबर के बाद जैक द्वारा आवेदन पत्रों की जांच की जाएगी और फिर परीक्षा की तारीख घोषित कर टेस्ट लिया जाएगा।
जानिए कितनी देनी होगी आवेदन फीस
परीक्षा में शामिल होने के लिए श्रेणी के अनुसार अलग-अलग शुल्क तय किया गया है:
सामान्य वर्ग को 750 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।
आरक्षित वर्ग और दिव्यांग SC, ST, OBC व दिव्यांग वर्ग के शिक्षकों के लिए फीस 500 रुपये रखी गई है।
राज्य में पारा शिक्षकों के लिए आकलन परीक्षा का आयोजन कोई नया प्रयोग नहीं है। इससे पहले भी विभाग दो बार इस परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक करा चुका है। इस बार यह तीसरा मौका है, जब शिक्षकों को अपनी योग्यता साबित कर वेतन वृद्धि हासिल करने का अवसर दिया जा रहा है। जो शिक्षक पिछली परीक्षाओं में शामिल नहीं हो पाए थे या सफलता नहीं पा सके थे, वे इस बार 15 अक्टूबर से पहले आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

