Home » The Photon News Special : महफूज नहीं लोगों की तिजोरी, लौहनगरी में लगातार चोरी

The Photon News Special : महफूज नहीं लोगों की तिजोरी, लौहनगरी में लगातार चोरी

लुट रही आम जनता की गाढ़ी कमाई, नीचे नहीं आ पा रहा है अपराध का ग्राफ

by Mujtaba Haider Rizvi
jamshedpur crime theft
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर में बिष्टुपुर के डीडीबार हत्याकांड के बाद भले ही तत्कालीन एसएसपी पीयुष पांडेय को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया हो और नए एसएसपी के तौर पर एहतेशाम वकारिब की तैनाती कर दी गई हो मगर,जमशेदपुर में हो रहे अपराध में कमी नहीं आई है। बदमाशों में सीसीटीवी कैमरों का भी असर नहीं पड़ रहा है।
अब भी लौहनगरी में हत्या, चोरी, चेन छिनतई और चापड़बाजी का दौर चल रहा है। अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर उठ रहा है और इससे शहर में दहशत का माहौल है। चोरों के खौफ का आलम यह है कि अधिकतर महिलाओं ने सोने के जेवरात पहन कर निकलना बंद कर दिया है। हालात यह हैं कि अगर किसी ने 15 मिनट के लिए भी अपना घर छोड़ा तो बदमाश उसके घर पर धावा बोल कर जेवरात और अन्य कीमती सामान पार कर दे रहे हैं।

27 जनू को डीडी बार एंड कैफे के सामने हिमांशु सिंह नामक युवक की हत्या पुलिस कर्मियों के सामने कर दी गई थी। इसके बाद एसएसपी पीयुष पांडेय को शहर की कानून-व्यवस्था नहीं संभाल पाने का आरोप लगा कर 30 जून को हटा दिया गया था। तब लगा था कि अब पुलिस अधिकारी बदमाशों की ऐसी लगाम टाइट करेंगे कि शहर में अपराध का ग्राफ कम हो जाएगा। मगर, ऐसा नहीं हो सका।

शहर के बड़े होटल कारोबारी कदमा निवासी निखार सबलोक की नेशनल हाईवे 33 स्थित टेंथ माइल होटल के सामने 24 अगस्त को हत्या कर दी गई थी। यह हाईप्रोफाइल मर्डर केस था, जिसमें अखिलेश गिरोह का नाम आया था। घटना के मास्टर माइंड अशोक सिंह राघव को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हत्या की इस घटना ने पूरे जमशेदपुर को हिला कर रख दिया है। बदमाश जहां चाहते हैं वहां गोली मार कर हत्या कर दे रहे हैं। हालात इतने भयावह हैं कि एसएसपी को बयान जारी करना पड़ गया कि बदमाश होटल और रेस्टोरेंट जैसे स्थलों पर अपराध की घटनाओं को अंजाम नहीं दें।

शहर में हाल ही में हुई चोरी की बड़ी घटनाएं

मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर 15 के पास मीना अपार्टमेंट में मोहम्मद रईस के फ्लैट में रविवार को चोरी हो गई। वह शाम छह बजे के करीब घर से नमाज पढ़ने के लिए निकले थे। जब वह 15 मिनट के बाद वापस घर लौटे तो देखा कि उनके घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। आलमारी से 20 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे।

रविवार की रात को ही चोरों ने जुगसलाई में वीर कुंवर सिंह चौक पर मौजूद मल्लिक प्लाई सेंटर में चोरों ने दो लाख रुपये नकद, लैपटॉप और सामान की चोरी कर ली गई है। यहां तीन चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। एक चोर का चेहरा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। तीनों चोर स्कूटी से पहुंचे थे और छत के रास्ते दुकान में घुसे थे।

कदमा के पदमा रोड स्थित टीआर टाइम क्वार्टर नंबर 65 में चोरों ने टाटा स्टील कर्मी विश्वनाथ राणा के घर को शुक्रवार को निशाना बनाया था। यहां से चोरों ने आठ लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

20 अगस्त की रात बागबेड़ा में लाल बिल्डिंग के पास गोल्डन ज्वेलरी दुकान से चोरों ने छह लाख रुपये के चांदी के जेवरात और वजन मापने की मशीन पार कर दी थी। पुलिस ने इस घटना में दो आरोपियों गोपीनाथ मुंडा और श्रीमंतो गोप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के पास से डेढ़ किलो चांदी बरामद कर ली है। बागबेड़ा में रिटायर्ड फौजी के बंद घर से चोरों ने 30 लाख रुपये के गहने पार कर दिए थे। इनमें कई कीमती सामान पार कर दिए गए हैं। इनमें इनवर्टर, महंगे कपड़े, बिजली के उपकरण, सीलिंग फैन आदि शामिल हैं।

मानगो के जवाहर नगर रोड नंबर 15 में श्रीकृष्णा उद्यान कांप्लेक्स में 31 अगस्त को एसआईआर के बहाने दो युवक और एक महिला घुसे थे। इन आरोपियों ने घर की मालकिन लीलावती अम्मा को बंधक बना लिया और उनके आभूषण लूट लिए। आरोपियों ने लीलावती अम्मा के हलक तक हाथ डाल दिया और उन्हें जख्मी कर दिया। इस मामले पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को जेल भेज दिया है। मानगो के उलीडीह में 11 जुलाई की रात चोरों ने 12 दुकानों के ताले तोड़‍ दिए गए थे। यहां चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

वर्जन 

पुलिस चोरों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। अभी हमारी कई थानों की संयुक्त टीम ने चोरी की 21 बाइकें बरामद की हैं। कुछ आरोपी भी पकड़े गए हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है। जुगसलाई में चोरी का मामला आपसी रंजिश की वजह से भी हो सकता है। इसकी जांच चल रही है। चोरों पर शिकंजा कसने के लिए हम रात की गश्त बढ़ा रहे हैं। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का इस बात पर जोर है कि घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

ललित मीणा, सिटी एसपी जमशेदपुर

Read also Jamshedpur Crime: कदमा के दो ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर पहुंची महिला, पायल और नथिया लेकर फरार

Related Articles

Leave a Comment