
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में पोषण को लेकर लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को पोषण जागरूकता रथ रवाना किया गया। समाहरणालय परिसर से जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 के तहत जिले में 9वां राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है। यह अभियान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा। इस वर्ष पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों, परियोजना और जिला स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पोषण माह के दौरान पांच प्रमुख विषयों पर विशेष रूप से लोगों को जागरूक किया जाए। इनमें आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं पका हुआ भोजन, सामुदायिक सहभागिता और जवाबदेही, बच्चों के पोषण के साथ प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य को बढ़ावा देना शामिल है।
उपायुक्त ने कहा कि पोषण सिर्फ व्यक्तिगत स्वास्थ्य से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं तक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ लोगों को संतुलित और पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया जाना जरूरी है।
पोषण जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को संतुलित भोजन, पर्याप्त प्रोटीन, बच्चों के बेहतर विकास, मातृ स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी सेवाओं की जानकारी देगा। विभागीय समन्वय और सामुदायिक भागीदारी के जरिए जिले में स्वस्थ और सुपोषित समाज के निर्माण पर जोर दिया जाएगा।

