
बेरमो : झारखंड के बोकारो जिला अंतर्गत तेनुघाट-बोकारो नहर मार्ग पर चांपी के पास गुरुवार को देर रात एक फॉर्च्यूनर कार सड़क पर फैले कीचड़ के कारण अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में कार में सवार दो लोग घायल हो गए। चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
सूचना मिलने के बाद तेनुघाट ओपी के प्रभारी भजनलाल महतो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बताया कि दोनों की हालत खतरे से बाहर है। घायलों की पहचान जैनामोड़ के मोहनपुर निवासी रोहित कुमार और बबलू कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक चांपी स्थित अपने मामा अजय महतो के घर आए थे। वहां से देर रात जैनामोड़ लौटने के दौरान लगातार बारिश के कारण नहर मार्ग पर कीचड़ जमा हो गया था। इसी बीच कार का संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में जा गिरी। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही नहर में गिरी कार को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
वाहन को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि तुपकाडीह से तेनुघाट तक नहर सड़क की हालत काफी खराब है। सड़क निर्माण कार्य जारी है, लेकिन कई स्थानों पर गड्ढे और कीचड़ के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति और कीचड़ के कारण ही यह हादसा हुआ।

