
अच्छी पहल : डीईपीई की बैठक में डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट एक्शन प्लान पर हुई चर्चा
गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, बाजार और आपूर्ति श्रृंखला को किया जाएगा मजबूत
रांची : रांची के स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिला स्तरीय निर्यात संवर्धन समिति (डीईपीसी) की बैठक में संभावित निर्यात योग्य उत्पादों की पहचान से लेकर उनकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, बाजार, आपूर्ति शृंखला और लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने पर चर्चा हुई। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में हुई बैठक में संबंधित विभागों को समन्वय के साथ प्रभावी डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट एक्शन प्लान (डीएपी) तैयार करने का निर्देश दिया गया। बैठक में अधिकारियों को ऐसे स्थानीय उत्पादों और सेवाओं की पहचान करने को कहा गया, जिनकी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग और निर्यात की संभावना है। इसके साथ ही स्थानीय उत्पादकों, कारीगरों, उद्यमियों, किसान उत्पादक संगठनों और एमएसएमई इकाइयों को निर्यात प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया गया।
गुणवत्ता और पैकेजिंग पर रहेगा जोर
चिह्नित उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ मानकीकरण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और प्रमाणन की आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में काम किया जायेगा। उत्पादकों को संभावित बाजार उपलब्ध कराने और निर्यात में आने वाली स्थानीय बाधाओं की पहचान कर उनके समाधान की व्यवस्था भी की जायेगी।
बैंक और निर्यात संस्थाओं से समन्वय
अधिकारियों को संभावित निर्यात योग्य उत्पादों से संबंधित जरूरी जानकारी जुटाने और उद्योग संगठनों, निर्यात संवर्धन परिषदों, बैंकों तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में कहा गया कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार मिलने से उद्यमिता और रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ जिले की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।
बैठक में जिला उद्योग केंद्र, डीजीएफटी कोलकाता, एफजेसीसीआई, लीड बैंक, उद्योग एवं एमएसएमई विभाग, एफआइइओ, जेएसआइए, लघु उद्योग भारती, नाबार्ड, सिडबी, ईसीजीसी, एक्जिम बैंक, डाकघर निर्यात केंद्र, एपीडा और शेफेक्सिल समेत विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि व संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

