Home » Palamu : पलामू में ससुराल जा रहे युवक की बाइक समेत कुएं में गिरकर मौत, पिता ने जताई हत्या की आशंका

Palamu : पलामू में ससुराल जा रहे युवक की बाइक समेत कुएं में गिरकर मौत, पिता ने जताई हत्या की आशंका

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu : झारखंड के पलामू जिले में मोटरसाइकिल समेत कुएं में गिरने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना सोमवार रात करीब 11 बजे छतरपुर प्रखंड के खोढ़ी पहाड़ के पास हुई। मृतक की पहचान नावा बाजार थाना क्षेत्र के बसना पंचायत अंतर्गत ब्रह्मोरिया गांव निवासी राजेंद्र भुइयां के पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए उसके साथ मारपीट किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, हत्या की आशंका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मंगलवार सुबह छतरपुर पुलिस ने कुएं से युवक का शव और मोटरसाइकिल बाहर निकलवाई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 साढ़ू के साथ ससुराल जा रहा था सोनू

मिली जानकारी के अनुसार, सोनू कुमार सोमवार रात अपने साढ़ू गजू भुइयां के साथ मोटरसाइकिल से ससुराल जा रहा था। गजू भुइयां पड़वा निवासी चनरदेव भुइयां के पुत्र हैं। सोनू का ससुराल छतरपुर प्रखंड की खोढ़ी पंचायत के अरर गांव में कन्हाई भुइयां के घर है।

बताया जाता है कि खोढ़ी पहाड़ के पास तीखे मोड़ पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और दोनों कुएं में जा गिरे। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन रात में ही मौके पर पहुंच गए, लेकिन देर रात होने के कारण शव निकालने की कार्रवाई नहीं हो सकी। मंगलवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में शव और बाइक को कुएं से बाहर निकाला गया।

पत्नी से विवाद के बाद मायके चली गई थी

सोनू के पिता राजेंद्र भुइयां के अनुसार, बेटे और उसकी पत्नी के बीच आपसी विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी ब्रह्मोरिया स्थित ससुराल से अपने मायके अरर चली गई थी। पिता ने बेटे की मौत को संदेहास्पद बताते हुए उसके साथ मारपीट किए जाने की आशंका जताई है।

हालांकि, युवक के साथ मारपीट या उसकी हत्या किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

जनप्रतिनिधियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर ली जानकारी

युवक की मौत की सूचना मिलने पर नावा बाजार के जिला परिषद प्रतिनिधि राजबली महरा और पंचायत समिति सदस्य हरिशंकर दुबे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। सोनू की मौत से परिजनों में शोक है।

Read also – Palamu News : पलामू में कुएं में डूबने से किसान की मौत, दशहरा की खुशियां मातम में बदलीं

Related Articles

Leave a Comment