Home » Potka News: हल्दीपोखर में घर का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात की चोरी, एक सप्ताह पहले 13 बकरियां भी हुई थीं गायब

Potka News: हल्दीपोखर में घर का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात की चोरी, एक सप्ताह पहले 13 बकरियां भी हुई थीं गायब

चोरी हुए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। करण सरदार का परिवार सब्जी बेचकर अपना भरण-पोषण करता है। घटना के बाद परिवार के सदस्य भयभीत हैं।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर में चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पूर्वी दिशा में स्थित करण सरदार के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना मंगलवार देर रात की है। बुधवार तड़के घर लौटने पर परिवार को चोरी का पता चला। मामले की सूचना कोवाली थाना पुलिस को दे दी गई है।

करण सरदार के अनुसार, मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य दुर्गा पूजा का मेला देखने गए थे। बुधवार सुबह करीब तीन बजे जब वे घर लौटे, तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर छोटे पर्स में रखे 30 हजार रुपये नकद, चांदी की दो चेन और सोने की एक नाक की बाली गायब मिली।

चोरी हुए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। करण सरदार का परिवार सब्जी बेचकर अपना भरण-पोषण करता है। घटना के बाद परिवार के सदस्य भयभीत हैं।

 इलाके में नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर चिंता

करण सरदार ने बताया कि आसपास के इलाके में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री होती है। शाम से देर रात तक कुछ लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। उन्होंने क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ाने की जरूरत जताई, ताकि चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लग सके।

 एक सप्ताह पहले घर से 13 बकरियां हुई थीं चोरी

हल्दीपोखर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। करीब एक सप्ताह पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने रहने वाले आशिफ अली अंसारी के घर से 13 बकरियां चोरी हो गई थीं। उस समय भी परिवार के घर से बाहर रहने के दौरान अज्ञात चोरों ने घटना को अंजाम दिया था। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। अब लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर है।

Read also – Jamshedpur News : साकची गोलचक्कर पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सांसद विद्युत वरण महतो ने मां दुर्गा के दर्शन कर मांगा आशीर्वाद

Related Articles

Leave a Comment