धनबाद। झरिया और आसपास के क्षेत्रों में अपराध का नया नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश कर रहे एक गिरोह का धनबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से कई अवैध हथियार, कारतूस, चोरी की बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह इलाके में फायरिंग कर दहशत का माहौल बनाता है एवं रंगदारी वसूलने का काम करता है।
सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने शनिवार को झरिया थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग झरिया क्षेत्र में नया आपराधिक गिरोह सक्रिय करने के उद्देश्य से जुटे हैं। सूचना के बाद तत्काल विशेष टीम बनाकर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम ने राज प्लस टू विद्यालय के पास घेराबंदी कर चार लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों में गोविंदपुर के तियाडाहा निवासी राजेश शर्मा, अलकडीहा के सुरुंगा निवासी विकास सिंह, धनसार गांधी रोड निवासी विनोद रवानी और बस्ताकोला निवासी चंद्रदेव राय शामिल हैं।
तीन पिस्टल, एक कट्टा, 15 गोलियां समेत दो चोरी की बाइक बरामद
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बस्ताकोला इलाके में छापेमारी की। वहां से तीन पिस्टल, एक देसी कट्टा, 15 गोलियां, दो चोरी की बाइक और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मुख्तार अंसारी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
सिटी एसपी ने कहा कि जिले में किसी भी नए आपराधिक गिरोह को सक्रिय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गिरफ्तार आरोपितों का कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह से कोई संबंध सामने नहीं आया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
छापेमारी दल में डीएसपी ला एंड आर्डर नौशाद आलम, सिंदरी डीएसपी आशुतोष कुमार सत्यम, झरिया थानेदार शशि रंजन कुमार, एसआई भीमलाल पासवान, बिट्टू कुमार, सूरज यादव, निरंजन कुमार, पंकज कुमार, पिकू प्रसाद, साधन कुमार, पवन कुमार थे।
Read Also: Dhanbad News: बंद सड़क पर अनशन पर बैठे विधायक राज सिन्हा; कहा- नहीं खुली तो आंदोलन होगा तेज

