
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर थाना क्षेत्र में बुधवार को तड़के भीषण अगलगी की घटना सामने आई है। शहर के बस स्टैंड रोड स्थित बिहारी क्लब के पास फुटपाथ पर संचालित मोहम्मद आसिफ की रूई दुकान में सुबह करीब 3 बजे अचानक आग लग गई।आग की तेज लपटें और धुआं देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर अन्य लोगों को जगाया और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुकान में रखे गद्दे, रजाई, तकिया और मांगलिक ऑर्डर के लिए तैयार किए गए सामान ने कुछ ही मिनटों में आग पकड़ ली।
रूई और कपड़े का सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी आग पर काबू पाने में मदद की। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया गया। लेकिन तब तक दुकान का लगभग सारा सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये की क्षति हुई है।
बताया जा रहा है कि दुकान संचालक मोहम्मद आसिफ किसी पारिवारिक कार्य से बिहार के फरीदाबाद गए हुए थे। घटना के समय दुकान बंद थी। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर आग लगने के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस घटना के बाद इलाके के अन्य फुटपाथी दुकानदारों में भी दहशत का माहौल है।

