
Jamshedpur : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में आजाद नगर थाना पुलिस ने चेपापुल-पारडीह रोड स्थित इलाईट सहाना प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन बिल्डिंग से इलेक्ट्रिक तार चोरी मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 65 किलोग्राम बिना कवर का कॉपर तार भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में आजाद नगर थाना में 18 जून को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मो. शाहरुख उर्फ उमर शाहरुख (19) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी किए गए इलेक्ट्रिक तारों का कवर हटाकर उसने अपने भाई उमर फारुख के साथ तांबा निकाला था। बाद में उस तांबे को कपाली के ताज नगर निवासी फैज अहमद उर्फ भोलु को बेच दिया गया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने फैज अहमद उर्फ भोलु के स्क्रैप गोदाम में छापेमारी कर चोरी के तारों से निकाला गया लगभग 65 किलोग्राम कॉपर बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने फैज अहमद उर्फ भोलु (34) को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मो. शाहरुख उर्फ उमर शाहरुख डेमडुबी अंसारी नगर, कपाली, सरायकेला-खरसावां का निवासी है, जबकि फैज अहमद उर्फ भोलु ताज नगर, कपाली, सरायकेला-खरसावां का रहने वाला है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मो. शाहरुख का आपराधिक इतिहास रहा है। उसका नाम आजाद नगर थाना में 20 मई साल 2025 को एक अन्य केस में भी दर्ज है।
मामले के अनुसंधान और छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी चंदन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक दीपक कुमार ठाकुर, मनीष कुमार, जाफर अंसारी और ललन कुमार शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

