Home » Ranchi Stadium: रांची के JSCA स्टेडियम में बवाल; JPLफाइनल मैच में मची भगदड़, कई घायल

Ranchi Stadium: रांची के JSCA स्टेडियम में बवाल; JPLफाइनल मैच में मची भगदड़, कई घायल

झारखंड प्रीमियम लीग (JPL) का फाइनल मैच देखने आए हजारों क्रिकेट फैंस को प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ा।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

​रांची: रांची के जेएससीए (JSCA) स्टेडियम में मंगलवार को भगदड़ की स्थिति बन गई। झारखंड प्रीमियम लीग (JPL) का फाइनल मैच देखने हजारों क्रिकेट फैंस पहुंच गए। लेकिन उन्हें प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ा। मैच देखने के लिए उम्मीद से कहीं ज्यादा लोग पहुंच गए थे। जबकि पुलिस प्रशासन और मैनेजमेंट की तैयारियां बेहद कमजोर थीं।

स्टेडियम के पश्चिमी दरवाजे पर अचानक अफरा-तफरी मच गई। ​देखते ही देखते वहां भगदड़ की स्थिति बन गई। भीड़ का दबाव इतना अधिक था कि लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। इस अव्यवस्था से गुस्साए दर्शकों ने बाद में गेट को तोड़ दिया।

चश्मदीद गोलू ने बताया कि मैच शुरू होने से पहले हजारों लोग एक साथ अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। वहां भीड़ को संभालने के लिए न तो पर्याप्त बैरिकेड्स थे और न ही पुलिसकर्मी। इस धक्का-मुक्की में बच्चे, महिलाएं और युवा बुरी तरह चोटिल हो गए।

8 लोग गंभीर रूप से घायल, लड़की की हालत गंभीर

हादसे में कम से कम 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद 5 घायलों को राज अस्पताल, 2 को सदर अस्पताल और 1 को पारस अस्पताल ले जाया गया। कुछ लोगों को मामूली चोट आई थी, जिन्हें फर्स्ट एड देकर घर भेज दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, ज्यादातर घायल खतरे से बाहर हैं। हालांकि, एक लड़की के पेट में गंभीर चोट आई है, जिसके कारण उसे डॉक्टरों की खास निगरानी में रखा गया है।

​सुरक्षा के इंतजाम पूरी तरह चौपट

​इस घटना ने रांची पुलिस और स्टेडियम प्रशासन की पोल खोलकर रख दी है। सबको पता था कि फाइनल मैच है, तो भारी भीड़ आएगी ही, फिर भी सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। मैच देखने आए राज का कहना था कि अगर गेट पर एंट्री सही तरीके से कराई जाती और पर्याप्त पुलिस बल होता, तो ऐसी नौबत नहीं आती।

अस्पताल प्रशासन अलर्ट

रांची के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार के मुताबिक हादसे की खबर मिलते ही तुरंत 5 एंबुलेंस (108) को स्टेडियम भेजा गया। रात साढ़े 11 बजे तक अलग-अलग अस्पतालों में 8 घायलों को भर्ती कराया जा चुका था। उन्होंने अंदेशा जताया कि देर रात तक कुछ और चोटिल लोग भी अस्पताल पहुंच सकते हैं। अस्पताल प्रशासन अलर्ट पर है।

​बड़े आयोजनों पर उठे सवाल

​इतने बड़े स्तर के क्रिकेट मैच में हुई इस बदइंतजामी ने खेल प्रेमियों को बेहद निराश किया है। लोगों का कहना है कि जो फैंस खुशी-खुशी मैच का मजा लेने आए थे, उन्हें अस्पताल पहुंचना पड़ा।

Read Also: Jamshedpur News : कतर गैस प्लांट हादसे में जमशेदपुर के युवक की मौत

 

 

 

Related Articles

Leave a Comment