Home » Jamshedpur News: साकची सब्जी मंडी में महिला डॉक्टर के ढाई लाख के सोने के जेवर गायब, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Jamshedpur News: साकची सब्जी मंडी में महिला डॉक्टर के ढाई लाख के सोने के जेवर गायब, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर में साकची थाना क्षेत्र स्थित बसंत टॉकीज के समीप सब्जी मंडी में खरीदारी करने पहुंचीं एक महिला डॉक्टर का करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का सोने का आभूषण रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच और आभूषण बरामद करने की मांग की है।

गौरतलब है कि मानगो निवासी डॉ. आरती ने हाल ही में एक ज्वेलरी दुकान से लगभग ढाई लाख रुपये का सोने का आभूषण खरीदा था। मंगलवार को वह अपनी कार से साकची सब्जी मंडी पहुंचीं और खरीदारी करने लगीं। इसी दौरान पर्स से पैसे निकालते समय उनका आभूषण कहीं गिर गया या किसी ने उसे उठा लिया, इसकी जानकारी उन्हें तत्काल नहीं हो सकी।

कुछ देर बाद जब उन्होंने अपने आभूषण की तलाश की तो वह नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने मंडी परिसर और आसपास के इलाकों में काफी देर तक खोजबीन की। सब्जी विक्रेताओं और दुकानदारों से भी पूछताछ की गई, लेकिन आभूषण के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।

आभूषण नहीं मिलने पर डॉ. आरती ने साकची थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने दो सब्जी विक्रेताओं अहमद और राजेश गुप्ता पर संदेह व्यक्त किया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच पूरी होने से पहले किसी भी व्यक्ति के संबंध में निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।

साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मंडी क्षेत्र एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आभूषण के गायब होने की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और तकनीकी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले को गुमशुदगी और संदिग्ध परिस्थितियों में सोने का आभूषण गायब होने के दृष्टिकोण से जांचा जा रहा है।

Read also – West Singhbhum : चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में NHM कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, स्वास्थ्य सेवाएं ठप

Related Articles

Leave a Comment