Jamshedpur : जमशेदपुर में सोने के गहनों की ठगी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ठग लगातार लोगों के गहने पार कर रहे हैं। सोनारी थाना क्षेत्र के सेवेंथ एक्सटेंशन मोहल्ले से एक बुजुर्ग दंपति की अंगूठियां ठगों ने पार कर ली हैं।पहले तांबे के बर्तन चमका कर जीता भरोसाघटना शुक्रवार की है। शनिवार को पुलिस मामले की प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि दो युवक बुजुर्ग दंपती के मकान पर पहुंचे। उन्होंने दोनों से कहा कि वह गहनों की सफाई कर सकते हैं। पहले पीतल और तांबे के बर्तन मंगवा कर उनको साफ किया और चमका दिया।
इस तरह, उन्होंने दंपती का भरोसा जीत लिया और फिर उनके हाथों की अंगूठियां साफ करने को कहा। दोनों ने अपनी सोने की अंगूठियां ठगों को दे दीं। ठगों ने दोनों अंगूठियां पार कर दीं और उनकी जगह दूसरी अंगूठियां रख दीं।
अंगूठियां बदलकर फरार हो गए ठगबदली गई अंगूठियां दंपति को देने के बाद ठग फरार हो गए। बाद में जब दंपती ने अंगूठियां चेक कीं तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। घटना की जानकारी सोनारी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। इनमें ठगों की गतिविधियां देखी गई हैं। पुलिस ठगों का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही ठगों का पता लगाने के बाद उनको गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

