
रांची : झारखंड हाईकोर्ट की तेज-तर्रार महिला अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उनके पति रुद्र राणा को गिरफ्तार कर लिया है। इस हाई-प्रोफाइल घटना के सामने आने के बाद से लीगल फ्रेटरनिटी और आम लोगों के बीच भारी आक्रोश और चर्चा का माहौल है।
परिजनों के लगाए थे गंभीर आरोप
मृतका अनुष्का के पिता ने अपनी बेटी की मौत के बाद उसके पति रुद्र राणा और उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि अनुष्का को लगातार तंग किया जा रहा था, जिसके चलते यह खौफनाक कदम उठाया गया या उसकी साजिश के तहत जान ली गई।
इन्हीं गंभीर आरोपों और न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाते हुए अनुष्का के भाई ने झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच के लिए हाईकोर्ट में एक क्रिमिनल रिट याचिका दायर की है।
सरकार और पुलिस का अगला कदम
हाल ही में जब इस रिट याचिका पर अदालत में सुनवाई हुई तो राज्य सरकार की ओर से पैरवी कर रहे पक्ष ने कोर्ट को आश्वस्त किया कि इस पूरे मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस प्रशासन गंभीर है। कोर्ट को यह भी जानकारी दी गई कि इस सनसनीखेज मौत की जांच अब एक डीएसपी स्तर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में की जाएगी, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
इधर, पति रुद्र की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह खंगालने में जुटी है कि आखिर वे कौन सी परिस्थितियां थीं जिनके कारण अनुष्का की जान गई। घटनास्थल के साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और अन्य सबूतों को आधार बनाकर यह जांच की जा रही है कि इस घटना में पति के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस हर एक एंगल को बारीकी से टटोल रही है, और जल्द ही इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Read Also: Jharkhand Police: रांची में अगवा नाबालिग बरामद,आरोपी गिरफ्तार, तकनीक के सहारे पुलिस को ऐसे मिली सफलता

