
Jamshedpur/ Ranchi : टाटा स्टील की सिक्योरिटी एवं ब्रांड प्रोटेक्शन टीम ने हजारीबाग में टाटा टिस्कॉन ब्रांड के टीएमटी सरिये की संदिग्ध चोरी का मामला उजागर किया है। टीम ने हजारीबाग-बरही मार्ग पर एक सड़क किनारे स्थित होटल के पीछे खुले स्थान से टाटा टिस्कॉन के ब्रांडेड टीएमटी सरिये बरामद किए हैं। बरामद सामग्री में कटे हुए सरिये भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील की सिक्योरिटी एवं ब्रांड प्रोटेक्शन टीम को परिवहन के दौरान सरिये की कथित चोरी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और खुले स्थान पर रखे टाटा टिस्कॉन के सरिये बरामद किए। बरामद सामग्री का दस्तावेजीकरण कर उसे जब्त किया गया। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।
इस मामले में टाटा स्टील के ब्रांडेड टीएमटी सरिये के कथित अनधिकृत इस्तेमाल और चोरी को लेकर पदमा थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज करायी गयी है। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस मौके पर टाटा स्टील के हेड (सिक्योरिटी) अखिलेश कुमार, सिक्योरिटी के सीनियर मैनेजर बिमलेश कुमार राय और ब्रांड प्रोटेक्शन के सीनियर एरिया मैनेजर ध्रुबज्योति साहा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

