
Chaibasa : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट-2026) के सफल एवं सुचारु संचालन को लेकर सरायकेला-खरसावां जिले में भारी वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने की पहल की गई है। जिला उद्योग केंद्र, चाईबासा के महाप्रबंधक ने जिले के 18 औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रबंधन को पत्र जारी कर 1 नवंबर 2026 को परीक्षा के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का अनुरोध किया है।
जारी पत्र के अनुसार, 1 नवंबर को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों के आवागमन को सुगम बनाने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़े वाहनों का परिचालन नियंत्रित रखना आवश्यक बताया गया है।
महाप्रबंधक ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों से अनुरोध किया है कि वे 1 नवंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक अपनी इकाइयों से संचालित होने वाले भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की व्यवस्था करें। इससे परीक्षा के दौरान सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने और अभ्यर्थियों को आवागमन में होने वाली परेशानी से बचाने में मदद मिलेगी।
जिन औद्योगिक प्रतिष्ठानों को पत्र भेजा गया है, उनमें एसआर रुंगटा स्टील, रामकृष्णा फोर्जिंग, श्री झारखंड सीमेंट प्लांट, अमलगम स्टील, अद्युनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज, टाटा स्टील, मेटाल्सा इंडिया, ओसीएल आयरन एंड स्टील, जोस्ट इंडियन ऑटो कंपोनेंट, आरएसबी ट्रांसमिशन, ऑटो प्रोफाइल, बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज, झारखंड ग्राइंड केम, जमना ऑटो इंडस्ट्रीज, नरसिंह इस्पात, एपेक्स इंडस्ट्रीज, ब्रेक्स इंडिया और फ्लीट गार्ड शामिल हैं।
जिला उद्योग केंद्र ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और इस निर्देश को प्राथमिकता देने की अपील की है।

