
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलाश नगर से एक चिंताजनक मामला प्रकाश में आया है। यहाँ के 45 वर्षीय सीमोन केरकेट्टा रोजगार की तलाश में पड़ोसी राज्य ओडिशा गए थे, लेकिन पिछले एक सप्ताह से उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। पीड़ित परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए गुवा थाने में लिखित आवेदन देकर पुलिस से न्याय और मदद की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 22 अक्टूबर 2026 को कैलाश नगर का ही रहने वाला 40 वर्षीय शंकर उरद, सीमोन को बेहतर काम दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ओडिशा ले गया था। दोनों ओडिशा के मुतूंगा थाना क्षेत्र स्थित ढेनका नाला के ‘रुंगटा स्टील प्लांट’ पहुँचे थे।प्लांट पहुँचने के तुरंत बाद सीमोन ने अपने घर फोन कर सकुशल पहुँचने की सूचना दी थी। परिजनों का दावा है कि उसी रात शंकर उरद उन्हें स्टील प्लांट घुमाने के बहाने बाहर ले गया, जिसके बाद से सीमोन रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गए।घटना के बाद से ही सीमोन का मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। परिजनों ने अपने स्तर पर संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई जानकारी न मिलने पर अंततः परिजनों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सीमोन केरकेट्टा की शीघ्र खोज की जाए और उन्हें सकुशल घर वापस लाया जाए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गुवा थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
Read Also West Singhbhum News: जेटेट परीक्षा को लेकर भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण की अपील

