
Jamshedpur : दीपावली के त्योहार को लेकर इन दिनों बाजार में नकली मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की भरमार हो गई है। इस मिलावटखोरी पर लगाम लगाने के लिए बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने जमशेदपुर के डिमना रोड के अलावा पटमदा और बोड़ाम में छापेमारी की। लगभग 30 दुकानों और होटलों की जांच की गई।
जांच के दौरान पता चला कि पटमदा के बेल्टांड़ चौक पर बेसन की जगह पशु आहार का इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां से कथित बेसन के नमूने ले लिए गए हैं और इन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है। यहां मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए अखाद्य रंगों का भी इस्तेमाल हो रहा था। यह रंग काफी नुकसानदेह हैं।
नष्ट किया गया 3 किलो मिलावटी पनीर
डिमना चौक स्थित सुमन होटल एंड रेस्टोरेंट के किचन में काफी गंदगी पाई गई है। यहां चूहे दौड़ रहे थे और कॉकरोच की भरमार थी। यहां से 3 किलो मिलावटी पनीर और 13 किलो एक्सपायर्ड पैकेट बंद बेसन भी बरामद किया गया है। एमजीएम अस्पताल गेट के पास ठेला और खोमचा की दुकानों पर भी जांच की गई। यहां मिठाइयों में चीनी की मात्रा अधिक पाई गई।
एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक भी हुई बरामद
इसके अलावा, खाद्य रंगों का प्रयोग कर मिठाइयों को आकर्षक बनाया गया था। फूड सेफ्टी ऑफिसर संजय कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 30 दुकानों पर छापेमारी की गई है। 24 किलो अखाद्य और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ, 10 लीटर खराब खाद्य तेल और एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक के 14 पैकेट बरामद किए गए हैं।
लगातार जारी रहेगा अभियान
इन सभी को नष्ट कर दिया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और मिठाइयों की दुकानों पर छापेमारी कर मिठाइयों के नमूने लिए जाएंगे।

