रांची: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने केंद्र सरकार द्वारा 7 मई को आयोजित ‘सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल’ का समर्थन करते हुए युवाओं और विद्यार्थियों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की है। बता दें कि कुछ दिन पहले कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और बढ़ते साइबर खतरों के मद्देनजर यह मॉक ड्रिल देशभर में नागरिक और संस्थागत तंत्र की आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। ड्रिल में एयर रेड वॉर्निंग सायरन, ब्लैकआउट अभ्यास, नागरिकों की सुरक्षित निकासी, और महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा को लेकर रणनीतिक अभ्यास किए जाएंगे।
एबीवीपी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा केवल सेना की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक, विशेष रूप से युवाओं की भी जिम्मेदारी है। विद्यालय, महाविद्यालय और विश्वविद्यालय ऐसे केंद्र बनने चाहिए जो आपातकालीन जागरूकता और सुरक्षा तैयारियों में अग्रणी भूमिका निभाएं। प्रांत मंत्री मनोज सोरेन ने कहा कि संगठन के सभी कार्यकर्ता इस मॉक ड्रिल में भाग लेंगे और युवाओं को भी इस महत्त्वपूर्ण आयोजन में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि आतंरिक सुरक्षा को चुनौती देने वाली गतिविधियों के विरुद्ध युवाओं को सजग रहकर सरकार के साथ खड़े होना चाहिए। एबीवीपी के प्रदेश कार्यालय मंत्री रोहित देव ने यह जानकारी दी।

