रांची: झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के चुनाव में अजय नाथ शाहदेव के नेतृत्व वाली ‘द टीम’ ने जबरदस्त जीत हासिल करते हुए विरोधी गुट को करारी शिकस्त दी है। रविवार को संपन्न हुए इस चुनाव में अध्यक्ष पद से लेकर सभी 15 सीटों पर अजय नाथ शाहदेव गुट ने विजय का परचम लहराया। इस चुनाव में अजय नाथ शाहदेव का मुकाबला जमशेदपुर के उद्योगपति एसके बेहरा से था। लेकिन कड़े मुकाबले के बीच ‘द टीम’ ने एकतरफा जीत दर्ज की। अजय नाथ शाहदेव ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर संजय पांडे, सचिव पद पर जाने-माने क्रिकेटर सौरभ तिवारी और सह सचिव पद पर अनुभवी खिलाड़ी शाहबाज नदीम विजयी रहे। कोषाध्यक्ष पद पर अमिताभ घोष ने जीत दर्ज की।
कमेटी पर इन्होंने दर्ज की जीत
कमेटी मेंबर के रूप में संजय जैन, रमेश कुमार, मिहिर प्रीतेश तोपनो, परवेज खान और रत्नेश कुमार सिंह ने जीत दर्ज की। जिला कमेटी मेंबर श्रेणी में वीरेंद्र पाठक, श्रीराम पुरी, राघवेंद्र नारायण सिंह और उत्तर कुमार बिस्वास ने बाजी मारी। वहीं स्कूल एंड क्लब रिप्रेजेंटेटिव के रूप में उमा महेश्वर राव विजयी हुए। चुनाव परिणाम घोषित होते ही जेएससीए स्टेडियम परिसर में विजयी गुट के समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी का इजहार किया।
अमिताभ चौधरी का सपना करेंगे साकार
अजय नाथ शाहदेव ने जीत के बाद कहा कि वे अमिताभ चौधरी के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनके नेतृत्व में ‘द टीम’ ने संगठन की बारिकियों को न केवल समझा है, बल्कि आगे बेहतर क्रिकेट व्यवस्था और पारदर्शिता के लिए ठोस कार्य करने की योजना भी बनाई है।

