सेंट्रल डेस्क : अमेरिका में चीनी एप टिकटाॅक के कुछ घंटों के लिए बंद होने के बाद, इसे फिर से दोबारा शुरू कर दिया गया। इसके लिए अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नए कार्यकारी आदेश जारी किए जाने की संभावना है। टिकटॉक चीनी स्वामित्व वाला एक एप्लिकेशन है। इसे अमेरिका में सुरक्षा कारणों से बंद किया गया था। अपने शपथ ग्रहण से पूर्व डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि हमें टिकटाॅक को बचाने की जरूरत है, क्योंकि इससे बहुत सी नौकरियां खत्म हो जाएंगी।
टिकटाॅक ने कहा- धन्यवाद ट्रंप
चीनी शॉर्ट्स मेकिंग एप टिकटाॅक को अमेरिका में कुछ घंटों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। अमेरिका के नागरिकों के निजी डेटा सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह कदम उठाया गया था, लेकिन कुछ घंटे बाद ही फिर से इसे शुरू कर दिया गया। इस विषय पर विचार- विमर्श करके डोनाल्ड ट्रंप नया कार्यकारी आदेश जारी कर सकते हैं। इस संबंध में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि टिकटाॅक के बंद होने से बहुत सी नौकरियां चली जाएंगी। अपनी एक रैली के दौरान, अपने संबोधन में टिकटाॅक के संबंध में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मुझे यह बहुत पसंद है, इसे बचाने की जरूरत है। टिकटाॅक कंपनी ने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इसके लिए धन्यवाद कहा है। दरअसल इस आदेश के बाद टिकटाॅक को 90 दिनों की समयावधि मिल जाएगी।
क्यों बंद हुआ था टिकटाॅक
अमेरिका में निजी डेटा सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए, कुछ घंटों तक टिकटाॅक को प्रतिबंधित कर दिया गया था। शनिवार देर रात से ही लोग इस एप का प्रयोग नहीं कर पा रहे थे। जब लोग अपने टिकटाॅक अकाउंट को खोल रहे थे तो उन्हें यह संदेश प्राप्त हो रहा था कि टिकटाॅक पर प्रतिबंध लगाने वाला कानून बनाया गया है यानी अब आप इसका इस्तेमाल नहीं कर सकते। इसे गूगल प्ले स्टोर और एप्पल स्टोर से भी हटा दिया गया।
टिकटाॅक के चीनी स्वामित्व होने के कारण इस पर यह आरोप लगता है कि यह उपयोगकर्ताओं के निजी डेटा का संग्रहण करता है।

