चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र के बांगुरकेल बुरुटोला में आपसी विवाद में पति ने लाठी-डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। घटना मंगलवार की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
पहले जमकर हुई बहस, गुस्से में पति ने कर दी हत्या
जानकारी के मुताबिक बंदगांव थाना अंतर्गत बांगुरकेल गांव के बुरुटोला निवासी 37 वर्षीय टेरेद सांडी पूर्ति ने अपनी 35 वर्षीय पत्नी मरियम सांडीपूर्ति की मंगलवार कि दोपहर को किसी बात को लेकर दोनों के बीच जमकर बहस हुई। धीरे-धीरे बात इतनी बढ़ गई कि पति ने गुस्से में आकर लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना बुधवार को बंदगांव थाना पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, आरोपी गया जेल
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। साथ ही आरोपी पति टेरेद सांडीपूर्ति को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में बंदगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
हर पहलू पर पुलिस कर रही जांच
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आपसी विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

