चाईबासा : नीट परीक्षा -2026 का पेपर लीक प्रकरण को लेकर कांग्रेस का छात्र संगठन एनएसयूआई द्वारा प्रधानमंत्री तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ बुधवार को विरोध प्रदर्शन कर पुतला दहन किया गया। संगठन के नेता व कार्यकर्ता कांग्रेस भवन , चाईबासा में इकट्ठा हुए यहां जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन करने के बाद पुतलों को आग के हवाले किया।
एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अनीष गोप ने कहा कि नीट-2026 परीक्षा में हुए पेपर लीक ने देशभर के लाखों छात्र-छात्राओं एवं उनके परिवारों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। हजारों परिवारों ने अपने बच्चों के भविष्य के लिए आर्थिक कठिनाइयों का सामना करते हुए कोचिंग एवं पढ़ाई पर भारी खर्च किए।
परीक्षा निरस्त होने से स्टूडेंट्स में भारी निराशा और आक्रोश है। कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि नीट-2026 परीक्षा निरस्त होने से लाखों छात्र-छात्राओं की मेहनत पर कुठाराघात हुआ है। परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी केंद्र सरकार द्वारा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को दी गई है, जो सीधे केंद्र सरकार के शिक्षा विभाग के अधीन कार्यरत है। बार-बार इस एजेंसी की कार्यप्रणाली संदेह हो रहा है तथा अनेक परीक्षाएं पेपर लीक या नकल के कारण निरस्त हो चुकी हैं।
इसकी सीधी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की बनती है। इसके बावजूद केंद्र सरकार द्वारा न तो नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के प्रमुख के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई की गई है और न ही इसकी कार्यप्रणाली में सुधार हेतु प्रभावी कदम उठाए गए हैं, बल्कि इसकी कमियों को छिपाकर संरक्षित करने का ही प्रयास किया गया है।
विरोध प्रदर्शन में एनएसयूआई जिला महासचिव सचिन बिरुवा , सदस्य संजु कुंकल , रुपसिंह बिरुवा , अरुण हेम्ब्रम , पूर्व नगर अध्यक्ष अजय कुमार , मो० अरसलाम , संजय साव , सुशील दास सहित अन्य शामिल थे।

