चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खप्परसाई स्थित एनएच-220 (चाईबासा-हाता रोड) पर एक अनियंत्रित 18 चक्का ट्रक सड़क किनारे स्थित पोल्ट्री दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान को भारी नुकसान हुआ, हालांकि किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई।

तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार ट्रक तेज गति से चाईबासा-हाता रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान खप्परसाई के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे सड़क किनारे बनी पोल्ट्री दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं ट्रक के आगे का हिस्सा भी पूरी तरह टूट गया।
सुबह होने से टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना तड़के करीब चार बजे हुई, उस समय दुकान बंद थी और आसपास भी ज्यादा भीड़भाड़ नहीं थी। इसी वजह से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि अगर यह दुर्घटना दिन के समय होती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी और लोगों की जान को भी खतरा हो सकता था।
दुकान मालिक ने मांगा मुआवजा
दुकान के मालिक सोमय सिंह देवगम ने बताया कि घटना के समय वे घर पर थे। सुबह सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि ट्रक उनकी पोल्ट्री दुकान में घुसा हुआ है और दुकान को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में दुकान की संरचना और उसमें रखे सामान को भी क्षति पहुंची है। उन्होंने प्रशासन से हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।
ट्रक जब्त, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Read Also- Khunti Wild Elephant News : जंगल से भटका बीमार हाथी, जानें वन विभाग ने क्या किया

