चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर नगर परिषद की दूसरी बोर्ड बैठक सोमवार को परिषद कार्यालय के सभागार में संपन्न हुई। बैठक में गर्मी और आगामी बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए शहर में संभावित समस्याओं और उनके समाधान के लिए विस्तृत योजना बनाई गई। बैठक के बाद नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि बोर्ड के सभी सदस्यों, पदाधिकारियों और कर्मचारियों के बेहतर समन्वय से शहर की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नगरवासियों के सहयोग से ही चक्रधरपुर को एक आदर्श नगर बनाया जा सकता है।
नलकूपों की कराई जाएगी मरम्मत
बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि गर्मी को देखते हुए पेयजल संकट से निपटने के लिए शहरी क्षेत्र में मौजूद सभी नलकूपों की मरम्मत कराई जाएगी। वहीं, बरसात से पहले नालियों की सफाई कराई जाएगी और आवश्यक स्थानों पर नालियों के ऊपर स्लैब भी लगाए जाएंगे।स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी वार्डों में नगर परिषद द्वारा डस्टबिन का वितरण किया जाएगा। साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों और मॉल में बड़े आकार के डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि कचरा खुले में न फेंका जाए। घर-घर से कचरा उठाव के लिए प्रति माह 30 रुपये शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा गया है, जबकि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित चार्ट के अनुसार शुल्क लिया जाएगा।
वसूला जाएगा बकाया होल्डिंग टैक्स
नगर परिषद के राजस्व को बढ़ाने के लिए बकाया होल्डिंग टैक्स की वसूली पर जोर दिया गया। इसके अलावा परिषद में कर्मियों की बहाली, कर्मचारियों और वार्ड पार्षदों के लंबित मानदेय के भुगतान का भी निर्णय लिया गया। साथ ही खराब पड़े नगर परिषद के वाहनों की मरम्मत कराने, और यदि मरम्मत संभव नहीं हो तो उन्हें नीलाम कर नए वाहन खरीदने का भी प्रस्ताव रखा गया।बैठक में नगर परिषद उपाध्यक्ष विजय साव, कार्यपालक पदाधिकारी विजय हांसदा सहित सभी वार्ड पार्षद और नगर परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे।
Read Also- RANCHI POLITICAL NEWS: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर कांग्रेस महासचिव ने दिया बयान, जानें क्या कहा

