Jamshedpur : जमशेदपुर के निजी स्कूलों में अभिभावकों से मनमाने तरीके से पैसे वसूले जाने का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
मोर्चा के एससी प्रकोष्ठ के कोल्हान प्रमंडल अध्यक्ष राजा कालिंदी ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर रोक लगाने की अपील की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्कूलों में हर साल “ एडमिशन फीस” के नाम पर अभिभावकों से अवैध रूप से पैसे वसूले जाते हैं। इसके अलावा स्कूल प्रबंधन द्वारा एक पर्ची के माध्यम से अभिभावकों को स्कूल परिसर के अंदर लगाए गए स्टॉल से ही किताबें खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है। मोर्चा का कहना है कि इस तरह की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन अभिभावक खुलकर विरोध नहीं कर पाते।
आरोप है कि विरोध करने पर स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों और उनके अभिभावकों पर मानसिक दबाव बनाया जाता है, यहां तक कि बच्चों को स्कूल से निकालने की धमकी भी दी जाती है। ऐसे में अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को देखते हुए चुप रहने को मजबूर हो जाते हैं। मोर्चा ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

