Jamshedpur : जमशेदपुर जिला मुख्यालय पर सोमवार को ट्रांसजेंडर बिल 2026 के विरोध में किन्नर समुदाय ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन कर रहे किन्नरों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि प्रस्तावित बिल उनके समुदाय के हित में नहीं है। उनका आरोप है कि यह बिल ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों को सीमित करता है और उनकी पहचान व स्वतंत्रता पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
सरकार समुदाय के साथ करे बात
समुदाय के प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्ष 2014 में आए नालसा बनाम यूनियन ऑफ इंडिया के ऐतिहासिक फैसले में ट्रांसजेंडर समुदाय को तृतीय लिंग के रूप में मान्यता दी गई थी, लेकिन यह नया बिल उस भावना के अनुरूप नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस बिल को लागू करने से पहले सरकार समुदाय के साथ संवाद करे और उनकी सहमति के आधार पर ही कोई निर्णय लिया जाए। इस दौरान किन्नर समुदाय ने अपने पारंपरिक अंदाज में विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

