चक्रधरपुर : चक्रधरपुर के मेन रोड स्थित एक गोदाम में लगातार दूसरी रात चोरी की घटना सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल है। चोरों ने मिस्त्री जैनुल और सेल्फ मिस्त्री तसलीम के गोदाम को निशाना बनाते हुए करीब 40 से 50 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामानों में डायनेमो, सेल्फ, रेंच-पाना समेत कई जरूरी उपकरण शामिल हैं। लगातार दो दिनों तक हुई इस वारदात से स्थानीय मिस्त्रियों और व्यवसायियों में आक्रोश और भय दोनों देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पहली रात हुई चोरी की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। हालांकि दूसरी रात फिर से चोरी होने के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि चोरी की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

